Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 8 अगस्त की सुबह 8:30 बजे उसी क्षेत्र में स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया. इसके असर से राज्य में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मंझगांव में सबसे ज्यादा 79.2 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हुई. पश्चिमी सिंहभूम के मंझगांव में सबसे अधिक 79.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
तापमान की बात करें तो बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
8 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या मेघगर्जन की संभावना है. दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड के लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
इन इलाकों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.
9 अगस्त को उत्तर और उत्तर-पूर्वी झारखंड में बारिश
9 अगस्त को तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इस दिन उत्तर-मध्य झारखंड के कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और बोकारो तथा उत्तर-पूर्वी हिस्से के देवघर, दुमका, गिरिडीह और जामताड़ा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.
10 अगस्त को भी भारी बारिश का अनुमान
10 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघगर्जन का दौर जारी रह सकता है. उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों के लोहरदगा, गुमला और खूंटी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों के लिए वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
11 से 14 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 से 14 अगस्त के बीच झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी रहेगी.
रांची में 8 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. 9 अगस्त को भी मौसम बादलमय रहेगा और दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 10 अगस्त को बादल छाए रहेंगे और दो या अधिक बार बारिश के आसार हैं. 11 अगस्त को एक से दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. 12 अगस्त को बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 13 और 14 अगस्त को मौसम सामान्य रूप से बादलमय रहेगा और इस दौरान एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है.