Seraikela: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से 9 अगस्त को जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे सरायकेला स्थित टाउन हॉल में होगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी।
पारंपरिक नृत्यों से सजेगा कार्यक्रम
जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान सरायकेला छऊ, नटुआ, मानभूम छऊ, मुंडारी और महिला पाइका नृत्य समेत कई पारंपरिक प्रस्तुतियां होंगी।
प्रखंड स्तर पर भी होंगे आयोजन
विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर जिले के सभी प्रखंडों में भी प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए स्थानीय लोक-कला, परंपराओं और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
उपायुक्त ने की भागीदारी की अपील
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों को जरूरी बताया।