Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-08

Jamshedpur News: गोविंदपुर में बस की चपेट में आने से बच्ची की मौत के बाद धरना समाप्त, 5 लाख रुपये मुआवजे और नो-एंट्री लागू करने पर बनी सहमति

Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में अन्ना चौक के पास एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से छह वर्षीय आरोही कुमारी की मौत के बाद शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखी थीं। प्रशासन ने सभी पक्षों की बातें सुनीं और संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुआवजे को लेकर पांच लाख रुपये पर बनी सहमति
धरना समाप्त कराने के दौरान मुआवजे को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, स्कूल बस की ओर से पांच लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी है। बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रशासन, संबंधित कंपनी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। सड़क की स्थिति समेत स्थानीय लोगों की अन्य मांगों पर बातचीत के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

नो-एंट्री को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी
गोविंदपुर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही और नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों ने मांग रखी थी। प्रशासन की ओर से नो-एंट्री से संबंधित बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नो-एंट्री से जुड़ी सूचना वाले पंपलेट भी तैयार किए गए हैं। 



हादसे के बाद सड़क पर उतरे थे लोग
बता दें कि शनिवार को अन्ना चौक के पास स्कूल बस की चपेट में आने से आरोही कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में 11 वर्षीय रेहान और उसके पिता रेशु कुमार समेत अन्य लोग भी घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था और सड़क पर धरना-प्रदर्शन करते हुए बस चालक के खिलाफ कार्रवाई तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी। अब प्रशासन के आश्वासन और मुआवजे पर बनी सहमति के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !