Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-09

Bihar News : मुजफ्फरपुर में एटीएम फ्रॉड गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 74 कार्ड बरामद; 5 ब्लैक कार्ड भी मिले

Bihar News :  बिहार के मुजफ्फरपुर में एटीएम रूम में मदद के बहाने ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। अहियापुर थाना पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सन्नी बाबा उर्फ ऋषव को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अलग-अलग बैंकों के 74 एटीएम कार्ड और पांच ब्लैक कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ब्लैक कार्ड का इस्तेमाल क्लोन कार्ड तैयार करने में किया जाता था।


दो दर्जन से ज्यादा मामलों में संलिप्तता, 100 से अधिक वारदात का दावा

गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से औराई थाना क्षेत्र के बसुआ गांव का रहने वाला है और अहियापुर इलाके में रहकर एटीएम फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस का दावा है कि गिरोह में करीब 10 से 15 युवक शामिल हैं और इस गिरोह ने मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में 100 से अधिक ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। विभिन्न थानों में गिरोह के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

इंदिरा नर्सिंग होम के पीछे छापेमारी में गिरफ्तारी

नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहकों से धोखाधड़ी करने वाला गिरोह अहियापुर इलाके में सक्रिय है। एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच और छापेमारी शुरू की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बड़ा जगन्नाथ स्थित इंदिरा नर्सिंग होम के पीछे एक किराए के मकान में छापेमारी की। यहां से सन्नी बाबा उर्फ ऋषव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान कमरे से अलग-अलग बैंकों के 69 एटीएम कार्ड और पांच ब्लैक कार्ड बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बाद में अन्य स्थानों से मिले कार्डों को मिलाकर कुल बरामदगी 74 कार्ड की हुई।


एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर बनाते थे शिकार

पुलिस पूछताछ में गिरोह के ठगी करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य पहले से एटीएम के आसपास मौजूद रहते थे। जैसे ही कोई ग्राहक पैसे निकालने पहुंचता, शातिर मदद के बहाने उसके पास पहुंच जाते थे।

आरोपी एटीएम मशीन में जुगाड़ लगाकर ग्राहक का कार्ड फंसा देते थे। इसके बाद मशीन पर मौजूद कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना मोबाइल नंबर लिख देते थे। ग्राहक को यह भरोसा दिलाया जाता था कि बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने पर उसका कार्ड वापस निकल जाएगा।

ग्राहक के एटीएम से बाहर निकलते ही गिरोह के सदस्य मशीन से असली कार्ड निकाल लेते थे। इसके बाद ब्लैक कार्ड की मदद से क्लोन कार्ड तैयार कर खाते से रुपये निकालने का आरोप है।

15 अन्य सदस्यों के नाम बताए, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सन्नी बाबा ने गिरोह के करीब 15 अन्य सदस्यों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस सभी आरोपियों का सत्यापन कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह मुजफ्फरपुर के अलावा आसपास के जिलों में भी एटीएम फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद एटीएम कार्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन कार्डों का इस्तेमाल किन खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी में किया गया। मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और अब तक की गई वारदातों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !