Air India Turbulence: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में 4 अगस्त को हुई तेज टर्बुलेंस की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है. सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद दिल्ली में कराए गए पायलट के साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट का परिणाम पॉजिटिव आया है. रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित पायलट को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया.
सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट की ऊंचाई में अचानक आई गिरावट और टर्बुलेंस की पूरी घटना की जांच जारी है. जांच पूरी होने तक विमान के दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से अलग रखा गया है. हालांकि, टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने की एयर इंडिया की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
एयर इंडिया ने कहा- टेस्ट की रिपोर्ट अभी साझा नहीं हुई
एयरलाइन के मुताबिक, घटना के बाद विमान के पायलटों का नियमानुसार साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराया गया था. एयर इंडिया का कहना है कि टेस्ट की रिपोर्ट अभी उसके साथ साझा नहीं की गई है, इसलिए इस संबंध में फिलहाल कोई टिप्पणी करना संभव नहीं है.
एयरलाइन ने यह भी कहा कि एविएशन नियमों के तहत उसके क्रू मेंबर्स का नियमित रूप से ड्रग टेस्ट कराया जाता है. जरूरत पड़ने पर वह संबंधित जांच एजेंसियों और अधिकारियों को पूरा सहयोग देगी.
सूत्रों के मुताबिक, कथित तौर पर पॉजिटिव आए पायलट का दोबारा टेस्ट भी कराया जाएगा. अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही टेस्ट के नतीजे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ओडिशा के पास करीब 300 फीट नीचे आई थी फ्लाइट
दरअसल, 4 अगस्त को एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 फुकेट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. ओडिशा के आसपास विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. इस दौरान विमान की ऊंचाई में करीब 300 फीट की अचानक गिरावट दर्ज होने की बात सामने आई.
घटना के समय विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत बड़ी संख्या में लोग सवार थे. टर्बुलेंस के बाद कई यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं.
13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल
एयर इंडिया के अनुसार, घटना के दौरान 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हुए थे. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. एयरलाइन के मुताबिक, सभी 13 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि चारों घायल क्रू सदस्यों का इलाज जारी है.
एयर इंडिया ने कहा है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. घटना की जांच में वह संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है. प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी एयरलाइन ने कही है.