Current News : आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर RSS प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर SC, ST और OBC वर्गों के आरक्षण का समर्थन किया और क्रीमी लेयर की व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई।
मायावती ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में आरक्षण में क्रीमी लेयर की बात करना बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के उद्देश्यों के खिलाफ है। उन्होंने मोहन भागवत के बयान की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि ऐसी सोच संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ को बढ़ावा देती है और संविधान की भावना के विपरीत है।
SC, ST और OBC आरक्षण को बताया संवेदनशील मुद्दा
मायावती ने कहा कि SC, ST और OBC वर्गों के लिए आरक्षण बेहद संवेदनशील मुद्दा है। इन समुदायों के लोगों ने लंबे समय तक जाति आधारित भेदभाव और सामाजिक अन्याय का सामना किया है। उनके अनुसार, आज भी देश में इन वर्गों के खिलाफ शोषण और भेदभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश में जमीनी स्तर पर जातिवाद अभी भी मौजूद है और RSS इस वास्तविकता से अच्छी तरह परिचित है। बता दें कि हाल ही में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि आरक्षण को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि आरक्षण सामाजिक कारणों से दिया गया है और जब तक समाज में सामाजिक भेदभाव मौजूद रहेगा, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। भागवत ने यह भी कहा था कि जिन लोगों को आरक्षण का लाभ मिल चुका है, उन्हें आगे आकर उदारता दिखानी चाहिए और अपनी इच्छा से आरक्षण का लाभ छोड़ने पर विचार करना चाहिए।
मायावती ने बदलाव की वकालत बंद करने को कहा
मोहन भागवत के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने कहा कि आरक्षण का मुद्दा सामाजिक न्याय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने RSS से आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति छोड़ने की अपील की।
मायावती ने कहा कि आरक्षण में किसी भी तरह के बदलाव की वकालत बंद की जानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामाजिक और जातिगत असमानता पूरी तरह समाप्त होने तक आरक्षण की व्यवस्था को कमजोर करने की कोई कोशिश नहीं होनी चाहिए।