Chatra News : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में चार अगस्त को आदिवासी किशोरी से दुष्कर्म के आरोप और इसके बाद आरोपी युवक इमरोज की ग्रामीणों की पिटाई से इलाज के दौरान हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी बड़गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इस दौरान उनके साथ चतरा सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व सिमरिया विधायक और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग बच्ची के अपहरण की सूचना उसके परिजनों ने समय रहते पुलिस को दी थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
मरांडी ने कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो बड़गांव में सामने आया पूरा घटनाक्रम टाला जा सकता था।
पीड़ित परिवार को ही जेल भेजने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपी इमरोज के माता-पिता और अन्य परिजनों के खिलाफ पॉक्सो जैसे गंभीर कानून के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने तत्काल गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय पीड़िता के माता-पिता को ही पुलिस ने जेल भेज दिया।
उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की।
56 नामजद और 150 से अधिक अज्ञात पर केस
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने 56 नामजद लोगों और 150 से अधिक अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में निर्दोष ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है तो यह भी गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किया जाना चाहिए। मरांडी ने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों से आपस में बैठकर ऐसे मामलों पर चर्चा करने और प्रशासन के सहयोग से अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से अपराधियों में कानून का डर पैदा होगा और समाज में आपसी सद्भाव भी बना रहेगा।