Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा और कीताडीह क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को मांग पत्र सौंपते हुए क्षेत्र में सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था जल्द बहाल कराने का आग्रह किया।
बारिश के बीच बढ़ी गंदगी की समस्या
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कई दिनों से जुस्को की ओर से नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर कचरा जमा है। बरसात के मौसम में गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रमण का खतरा पैदा होने की आशंका जताई गई। लोगों ने नियमित सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
जुस्को महाप्रबंधक से विधायक ने की बात
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने जुस्को के महाप्रबंधक आर.के. सिंह से फोन पर बातचीत की। उन्होंने बागबेड़ा-कीताडीह क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था शुरू कराने के निर्देश दिए। सफाई कार्य की निगरानी और स्थानीय स्तर पर समन्वय के लिए विधायक ने नरेश लाल और विष्णु क्रेकटा को जिम्मेदारी सौंपी है।
लोगों को राहत की उम्मीद
विधायक के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान साफ-सफाई बेहतर रहने से जलजमाव और गंदगी से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान नरेश लाल, विष्णु क्रेकटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय, अजय पासवान, नीता सरकार और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।