Jamshedpur News: जमशेदपुर के मूनसिटी के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे के बाद दोनों सड़क पर पड़े रहे. पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कोशिशों के बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को खुले टोटो से MGM अस्पताल पहुंचाया था.
ट्रक चालक मौके से फरार
बताया गया कि दोनों बाइक सवार मानगो से डिमना चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी स्प्लेंडर बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
एंबुलेंस नहीं आई तो टोटो से अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, थाना प्रभारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन काफी देर तक वह नहीं पहुंची. सड़क से गुजरने वाली कोई गाड़ी भी घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए नहीं रुकी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को खुले टोटो में लादकर MGM अस्पताल पहुंचाया.
RIIMS ले जाते वक्त मोहम्मद शमशेर की मौत
घायलों में कपाली निवासी और लकड़ी के मिस्त्री मोहम्मद शमशेर की हालत बेहद गंभीर थी. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची ले जाने की सलाह दी थी. रांची स्थित RIIMS ले जाते समय मोहम्मद शमशेर की मौत हो गई. वहीं, दूसरे घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है.