Jamshedpur News: जमशेदपुर में विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम से लौट रहे युवक-युवती सड़क हादसे का शिकार हो गए. हादसे में युवती एंजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक केल्विन गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद बिरसानगर थाना के जवान मौके पर पहुंचे और घायल केल्विन को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
रिगल ग्राउंड से घूमने के बाद निकले थे
बताया जा रहा है कि एंजल, केल्विन और उनके कुछ दोस्त विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर रिगल ग्राउंड पहुंचे थे. कुछ घंटों के बाद सभी वहां से निकले और सोनारी स्थित डीसी लॉज के पास गए. जानकारी के मुताबिक, दोनों नशे की हालत में थे. लौटते समय केल्विन अपने दोस्त की स्पोर्ट्स बाइक लेकर निकला, जबकि दोस्त को उसकी स्कूटी दे दी गई.
डीसी लाउंज के पास हुआ सड़क हादसा
वापसी के दौरान डीसी लाउंज के पास केल्विन की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में एंजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केल्विन गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना के जवान मौके पर पहुंचे और केल्विन के दोस्तों से संपर्क किया. इसके बाद पुलिस टीम ने आगे की कार्रवाई शुरू की.
ओडिशा की रहने वाली थी एंजल
जानकारी के मुताबिक एंजल मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और जमशेदपुर में नौकरी करती थी. बताया जा रहा है कि वह बिरसानगर जोन नंबर दो इलाके में रहती थी. हादसे के बाद पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक उसके पूरे परिवार का पता नहीं चल पाया है. वहीं, केल्विन के परिजनों को घटना की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है.