Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी के दुर्गा पूजा मैदान के पास लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को हटाने की कवायद शुरू हो गई है. पोटका विधायक संजीव सरदार के निर्देश पर सोमवार को जुस्को के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने जेसीबी और हाइवा के पहुंचने के रास्ते समेत बिजली के तारों की स्थिति का जायजा लिया.
जेसीबी-हाइवा की आवाजाही पर नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कचरा स्थल तक जेसीबी और हाइवा आसानी से पहुंच सकते हैं या नहीं. साथ ही मौके पर मौजूद बिजली के तारों की स्थिति भी देखी गई, ताकि कचरा उठाने के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो. अधिकारियों ने चालकों को स्थल तक पहुंचने का रास्ता भी दिखाया और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया.
रास्ता ठीक रहा तो शुरू होगा कचरा उठाव
जुस्को अधिकारियों के अनुसार, स्थल के अंतिम निरीक्षण और तकनीकी स्थिति का आकलन करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा. यदि जेसीबी और हाइवा के आवागमन में कोई परेशानी नहीं हुई तो वर्षों से जमा कचरे को जल्द हटाने का काम शुरू किया जा सकता है. इससे स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही गंदगी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.
विधायक को सौंपा गया था मांग पत्र
बताया गया कि कचरे के ढेर को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को विधायक संजीव सरदार को मांग पत्र सौंपा गया था. इसके बाद जुस्को अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान नरेश लाल, विष्णु क्रेकटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय, नीता सरकार और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे.