Jharkhand Bandh: रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है. भाजपा जमशेदपुर महानगर ने भी शहर में बंद को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सफल बनाने की अपील की है.
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं की आवाज को बल प्रयोग के जरिए दबाने की कोशिश की गई.
व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील
भाजपा ने जमशेदपुर के दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से 11 अगस्त के बंद को समर्थन देने की अपील की है. पार्टी का कहना है कि यह बंद छात्रों के अधिकार, रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के मुद्दे पर आयोजित किया जा रहा है.
संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग हिस्सों में बंद के दौरान मौजूद रहेंगे और इसे अनुशासन के साथ सफल बनाने का प्रयास करेंगे.
जरूरी सेवाओं को बंद से रखा गया बाहर
भाजपा महानगर ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को प्रभावित नहीं किया जाएगा. अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकान, दूध की दुकान और एलपीजी गैस जैसी जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी.
पार्टी ने यह भी कहा है कि कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डाली जाएगी.
कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से बंद के दौरान संयम बरतने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की है. पार्टी नेताओं का कहना है कि बंद का उद्देश्य छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना है.
संजीव सिन्हा ने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर भाजपा अपना आंदोलन जारी रखेगी. उन्होंने सरकार से युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और दमन के बजाय संवाद के जरिए समाधान निकालने की मांग की.