Giridih News: रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का असर मंगलवार को गिरिडीह में भी देखने को मिला. भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की. कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं.
बस स्टैंड पर रोका परिचालन
बंद समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था गिरिडीह बस स्टैंड भी पहुंचा. यहां कार्यकर्ताओं ने बसों को रोककर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित किया. इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित किया. इस दौरान रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई.
दुकानों के साथ स्कूल भी रहे बंद
बंद के दौरान गिरिडीह शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं, हालांकि कुछ इलाकों में सामान्य रूप से कारोबार भी होता रहा. वहीं, कुछ स्कूलों ने बंद के समर्थन में स्वेच्छा से संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया. स्कूल पहुंचे कुछ बच्चों को वापस घर भेज दिया गया.
बोर्ड परीक्षार्थियों की परीक्षा प्रभावित नहीं
बंद के बावजूद बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी गई. परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा देने की अनुमति दी गई. प्रशासन की ओर से भी परीक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए.

पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
बंद के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही. प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी. कुल मिलाकर गिरिडीह में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला, जहां कई बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं.