Ranchi News : झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामा शुरू हो गया। छात्र आंदोलन का मुद्दा उठते ही भाजपा विधायक हाथों में पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए। इसके बाद सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक भी वेल में आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई।
प्रदीप यादव ने उठाया छात्रों के आंदोलन का मुद्दा
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के आसन पर पहुंचते ही विधायक प्रदीप यादव ने छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने अपने असामाजिक तत्वों को बचाने का काम किया। प्रदीप यादव के बयान के बाद भाजपा विधायक हाथों में पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
वेल में पहुंचे दोनों पक्षों के विधायक
भाजपा विधायकों को वेल में देखकर सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
हंगामे के कारण सदन में शोर-शराबे की स्थिति बनी रही और कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। विधानसभा अध्यक्ष ने दोनों पक्षों के विधायकों से शांत रहने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा। लगातार बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा एक बार फिर विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का कारण बना।