Ranchi News : कांके स्थित रिनपास में निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए झारखंड सरकार ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से इस संबंध में विज्ञापन जारी किया गया है। योग्य उम्मीदवार 8 सितंबर 2026 की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
निदेशक होंगे संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी
नियुक्त होने वाले निदेशक रिनपास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे। उनके जिम्मे संस्थान के विकास की योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू कराने की जिम्मेदारी होगी। रिनपास को मानसिक स्वास्थ्य उपचार, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेहतर संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
निदेशक पद पर चयनित उम्मीदवार को सातवें वेतन आयोग के लेवल-14 के तहत कम से कम 1,44,200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अलावा नियमानुसार नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस और मुफ्त आवास की सुविधा भी दी जाएगी।
15 साल का प्रोफेसर पद का अनुभव जरूरी, अधिकतम उम्र 65 से 70 वर्ष
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास केंद्र या राज्य सरकार के मनोरोग संस्थान अथवा मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के तौर पर कम से कम 15 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके साथ ही एचओडी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डीन या यूनिट हेड के पद पर कम से कम 2 वर्ष का अनुभव भी जरूरी है। कार्यरत अधिकारियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 65 वर्ष, जबकि सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए अधिकतम उम्र 70 वर्ष निर्धारित की गई है। निदेशक का कार्यकाल नियुक्ति की तारीख से 5 वर्ष का होगा। नियुक्ति सीधी भर्ती के आधार पर निश्चित अवधि के लिए की जाएगी।
जेएपी आईटी पोर्टल से करना होगा आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को जेएपी आईटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और उम्र से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार, इस पद के लिए 18 मई 2023 और 8 जून 2023 को जारी किए गए पुराने विज्ञापनों को रद्द कर दिया गया है। नए विज्ञापन के आधार पर ही अब नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।