Current News : संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को NDA सांसदों की साप्ताहिक बैठक मंगल मिलन का आयोजन संसद भवन परिसर स्थित पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी सभागार में हुआ। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत NDA के सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेता और सांसद शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत NDA के सभी सांसद हाथों में तिरंगा लहराते नजर आए। सांसदों ने वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान हर हर महादेव और जय श्रीराम के नारे भी लगाए गए।
मकर द्वार तक NDA सांसदों ने निकाला मार्च
बैठक समाप्त होने के बाद NDA सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार तक पैदल मार्च निकाला। सांसदों के हाथों में पोस्टर थे, जिनमें लिखा था कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, जबकि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। NDA सांसदों ने आरोप लगाया कि विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है, जबकि सरकार छात्र आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
कंगना रनौत और साक्षी महाराज का विपक्ष पर हमला
मार्च के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने चर्चा से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया देश के हित में नहीं है। वहीं भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने आरोप लगाया कि विपक्ष किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन और झारखंड के छात्रों के मामले में विपक्ष का रवैया अलग-अलग है।