Ranchi News : बोकारो की 14 वर्षीय लापता बच्ची से जुड़े मामले की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मामले में CBI जांच की संभावना को देखते हुए केंद्र सरकार के अधिवक्ता प्रशांत पल्लव को केंद्र सरकार से निर्देश लेने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 13 अगस्त को होगी।
16 अक्टूबर 2020 से लापता है बच्ची
कोर्ट ने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जरूरत को देखते हुए इसे CBI को सौंपा जा सकता है। हालांकि, जांच के दौरान CBI को राज्य पुलिस की सहायता की भी जरूरत पड़ सकती है। पिछली सुनवाई में CID की ओर से अदालत को बताया गया था कि लापता बच्ची का सोशल मीडिया अकाउंट अब भी सक्रिय है। जांच एजेंसी के अनुसार, बच्ची के फेसबुक अकाउंट से कुछ सुराग मिले हैं और आगे की जानकारी के लिए Meta से डाटा लेना पड़ सकता है।
CID ने कोर्ट को बताया था कि Meta से जानकारी लेने के लिए अनुमति की आवश्यकता होगी और मामला क्रॉस-बॉर्डर जांच से जुड़ा हो सकता है। इस पर कोर्ट ने कहा था कि CBI के पास राज्य पुलिस की तुलना में अधिक अधिकार हैं और ऐसे में मामले को CBI को सौंपने पर विचार किया जा सकता है।
बच्ची 16 अक्टूबर 2020 से लापता है। मामले में बोकारो के पिंड्राजोरा थाना में FIR दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में मामले को अपहरण का मामला माना गया था। घटनास्थल के पास बच्ची की साइकिल, चप्पल और किताबें बरामद हुई थीं। फिलहाल मामले की जांच CID कर रही है। अब हाईकोर्ट की अगली सुनवाई में केंद्र सरकार की ओर से CBI जांच को लेकर मिलने वाले निर्देश के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।