JPSC JSSC Protest: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा बाहरी लोगों को आंदोलन में शामिल कर इसे राजनीतिक रूप देने और अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रही है.
राधाकृष्ण किशोर बोले:- 10 अगस्त को निकल सकता था समाधान
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि 10 अगस्त को छात्रों की मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकाले जाने की संभावना थी. उनके मुताबिक, भाजपा ने विधानसभा सत्र का बहिष्कार किया और इसके बाद आंदोलन को और आगे बढ़ाने की कोशिश की.
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट तक पहुंच गए, जिसे उन्होंने संसदीय व्यवस्था के लिहाज से गंभीर स्थिति बताया. वित्त मंत्री ने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी की. राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा नेता आदित्य साहू के उन आरोपों को भी खारिज किया, जिसमें छात्रों के खिलाफ पुलिस बल के इस्तेमाल की बात कही गई थी.
इरफान अंसारी का आरोप:- दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाया गया
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और बिहार से लोगों को बुलाया गया. उन्होंने दावा किया कि सरकार छात्रों की करीब 95 प्रतिशत मांगों को स्वीकार कर चुकी है.
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि वर्ष 2015 से अब तक राज्य में 152 पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन किसी भी मामले में दोषियों को सजा नहीं मिल सकी. उन्होंने कहा कि सरकार अब इन मामलों में कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन भाजपा जांच के मुद्दे को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास कर रही है.
शिल्पी नेहा तिर्की ने भी भाजपा पर साधा निशाना
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी भाजपा पर आंदोलन के जरिए माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.