Jamshedpur: स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को लेकर जमशेदपुर प्रशासन ने बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम से पहले गुरुवार को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास कराया गया. उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
कई टुकड़ियों ने रिहर्सल में लिया हिस्सा
अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ होमगार्ड के जवान शामिल हुए. इसके अलावा चौकीदारों की महिला और पुरुष टुकड़ी, एनसीसी, रेंजर्स, स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून और पटमदा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड पार्टी ने भी हिस्सा लिया. परेड के दौरान जवानों और विद्यार्थियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास किया. प्रशासन की ओर से समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए गए.
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिला प्रशासन की ओर से 15 अगस्त से एक दिन पहले सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा. इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत और संगीत की प्रस्तुतियां देंगे. कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं. प्रशासन ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
गृह मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार होगा आयोजन
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा. जिला स्तर के समारोह में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और परेड समेत निर्धारित कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके बाद संबंधित जनप्रतिनिधि और अधिकारी आम लोगों को संबोधित करेंगे. इसी तरह अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर संबंधित मजिस्ट्रेट, अनुमंडल पदाधिकारी या प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके बाद राष्ट्रगान, संबोधन और निर्धारित राष्ट्रगीत कार्यक्रम होंगे. पंचायत मुख्यालय और गांवों में भी तय प्रोटोकॉल के तहत सरपंच या ग्राम प्रधान ध्वजारोहण करेंगे. इसके बाद राष्ट्रगान और आम लोगों को संबोधन का कार्यक्रम होगा.