Uttarakhand Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया. पीपलकोटी स्थित THDC की निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा अचानक धंस गया. हादसे के समय टनल में कई मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें कुछ के अंदर फंसे होने की आशंका है.
शाम 6 बजे के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:10 बजे सुरंग में अचानक मलबा और पानी घुस आया. उस समय टनल के भीतर करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई.
10 मजदूर सुरक्षित निकाले गए
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए. रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर अब तक 10 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बाकी फंसे श्रमिकों को निकालने का अभियान जारी है.
मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने राहत कार्य का जायजा लिया और सोशल मीडिया पर बताया कि टनल में मलबा और पानी आने की घटना हुई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि NDRF और SDRF की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया है. साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
प्राथमिकता है सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालना
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल सबसे बड़ा लक्ष्य सुरंग के भीतर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है. अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है.