Dhanbad News: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में जल्द नया OPD भवन बनेगा. राज्य सरकार ने इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है. नए भवन के निर्माण पर 24.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका मकसद अस्पताल में बढ़ती मरीजों की भीड़ को कम करना और इलाज की सुविधाओं को बेहतर बनाना है.
एक साल में पूरा होगा निर्माण
सरकार ने निर्माण एजेंसी के लिए साफ समय सीमा तय की है. काम शुरू होने के बाद 12 महीने के भीतर पूरा भवन तैयार करना होगा. तय समय से ज्यादा देरी की अनुमति नहीं होगी.
PG ब्लॉक से जुड़ेगा नया OPD
यह भवन अस्पताल के नए PG ब्लॉक से जोड़कर बनाया जाएगा. इसके बनने से मरीजों को रजिस्ट्रेशन, जांच और डॉक्टरों से परामर्श के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी. स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्माण पर तय राशि से अधिक खर्च नहीं किया जाएगा. पूरा काम 24.94 करोड़ रुपये के अंदर ही पूरा करना होगा.
टेंडर पर भी रहेगी विभाग की नजर
झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को टेंडर जारी करने से पहले स्वास्थ्य विभाग को पूरी जानकारी देनी होगी. ठेकेदार का चयन, टेंडर राशि और पूरी प्रक्रिया की जानकारी मिलने के बाद ही कार्यादेश जारी किया जाएगा. सरकार का कहना है कि नया OPD भवन बनने से धनबाद और आसपास के हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी.