Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-14

Chandil Accident News: चांडिल में लोडर की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Chandil: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रुचाप पंचायत के गागोडीह गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई. पलाश जंगल की ओर जा रही 45 वर्षीय प्रेमकला टूटू लोडर की चपेट में आ गईं. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन रोक दिया और मुआवजे की मांग शुरू कर दी.

डस्ट लेवलिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गागोडीह निवासी लखीपद टूटू की पत्नी प्रेमकला सुबह करीब 9:30 बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकली थीं. रांची-टाटा-धनबाद-पुरुलिया एनएच-18 के न्यू बायपास के पास नीलांचल कंपनी के प्लांट डस्ट से एक जमीन पर गड्ढा भरने और लेवलिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान JH-22A-2426 नंबर के लोडर की चपेट में प्रेमकला आ गईं. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद लोडर चालक वहां से भाग निकला.

मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे की सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली. पुलिस ने लोडर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. इधर, ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर शव सड़क पर रख दिया. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कंपनी की ओर से मुआवजे को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा.

डस्ट गिराने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के पास बड़ी मात्रा में प्लांट डस्ट गिराया जा रहा था. उनका कहना है कि इस काम की अनुमति और जिम्मेदारी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए. ग्रामीण गोपाल हांसदा ने डस्ट गिराने की अनुमति और जमीन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए. वहीं, गणेश सोरेन ने कहा कि इलाके में रोजाना बड़ी संख्या में हाइवा के जरिए डस्ट लाकर गड्ढा भरने का काम किया जा रहा था.

खेती पर निर्भर था परिवार 
मृतका के पति लखीपद टूटू ने बताया कि परिवार की आय मुख्य रूप से खेती-बाड़ी पर निर्भर थी. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. वहीं, ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर नाराजगी बनी हुई है.

पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और डस्ट लेवलिंग के काम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !