Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-14

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून फिर से पूरी तरह मेहरबान, 18 अगस्त तक मूसलाधार बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. राज्य के ऊपर बना गहरा दबाव रांची के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 12 घंटे में कमजोर जरूर होगा, लेकिन 18 अगस्त तक झारखंड के अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहेगी.

पिछले 24 घंटे में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि कई जगहों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 318 मिलीमीटर बारिश लातेहार के बरवाडीह में हुई. डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया.

आज सबसे ज्यादा असर इन जिलों में
14 अगस्त को रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, पलामू, लातेहार और गढ़वा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में गरज के साथ वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.

15 अगस्त को भी नहीं मिलेगी राहत
स्वतंत्रता दिवस पर भी मौसम खराब रहेगा. पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है. वज्रपात और तेज हवा का खतरा भी बना रहेगा.

16 अगस्त को पश्चिमी झारखंड के सिमडेगा, गुमला, पलामू, लातेहार, गढ़वा और चतरा में भारी बारिश की संभावना है. बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी.

17 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में फिर भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा. 18 अगस्त को भी उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

रांची में लगातार भीगेंगे पांच दिन
रांची में 14 और 15 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई बार बारिश होगी. 16 अगस्त को हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है. 17 से 19 अगस्त तक भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी.

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 13 अगस्त तक झारखंड में 535.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य बारिश 650.2 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. राज्य में बारिश की कमी अब 21 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत रह गई है.

सबसे कम बारिश गढ़वा, पाकुड़ और चतरा में दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 50 प्रतिशत से अधिक कमी बनी हुई है. वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. सरायकेला-खरसावां में भी सामान्य से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है, जबकि रांची और पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के करीब बनी हुई है.

मौसम विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और निचले इलाकों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है. वज्रपात के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह भी दी गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !