Ranchi News: रांची के अशोक नगर में बिल्डर आशुतोष पांडेय के घर हुई बड़ी चोरी के मामले में गिरफ्तार शकीला उर्फ लेडी और कबीर खान ने जमानत के लिए अदालत में याचिका दिया है. दोनों की जमानत याचिका पर शुक्रवार को AJC शैलेंद्र कुमार की अदालत में सुनवाई हुई.
केस डायरी पेश करने का आदेश
सुनवाई के दौरान अदालत ने अरगोड़ा पुलिस को मामले की केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया. इसके लिए अभियोजन पक्ष ने अदालत से समय मांगा. अदालत ने अभियोजन को समय देते हुए अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त की तारीख तय की है.
तीन आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी
इस मामले में रांची पुलिस ने कथित गिरोह के मास्टरमाइंड इरफान की पत्नी शकीला उर्फ लेडी, उसकी महिला साथी गुलशन परवीन और कबीर खान को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 17.36 लाख रुपये नकद और करीब 65 लाख रुपये के गहने मिले थे. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार भी जब्त की थी.
रेकी के बाद घर में की गई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 जुलाई 2026 को अशोक नगर रोड नंबर-4 स्थित सौभाग्य आवास में हुई थी. आरोपियों ने पहले घर की रेकी की थी. इसके बाद जगुआर कार से पहुंचकर घर में चोरी की गई. वारदात में नकदी और बड़ी मात्रा में गहने चोरी होने की बात सामने आई थी.
कई राज्यों में वारदात का आरोप
पुलिस ने मामले में इरफान उर्फ उजाला उर्फ बाबा को कथित मास्टरमाइंड बताया है. वह बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, इरफान का गिरोह देश के अलग-अलग हिस्सों में हाईप्रोफाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है. रांची की घटना से पहले जयपुर में भी गिरोह पर चोरी की वारदात में शामिल होने का आरोप है.
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. वहीं, शकीला और कबीर की जमानत याचिका पर अब 20 अगस्त को सुनवाई होगी.