Hazaribagh Road Accident: हजारीबाग के केरेडारी-बड़कागांव मुख्य सड़क पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया. देशवारी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में पिता और उनकी एक साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई. वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
ससुराल जाते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान बेलतू गांव निवासी मोहम्मद आसीन के रूप में हुई है. वह पत्नी और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से जाको गांव स्थित ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
चालक गाड़ी लेकर भाग निकला
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.डॉक्टरों ने आसीन और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल पत्नी को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.
शव रखकर किया सड़क जाम
घटना के बाद गांव के लोग और परिजन मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने केरेडारी चौक के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.उनकी मांग है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले.
ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है.उन्होंने NTPC-BGR से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर भी चिंता जताई. रविवार सुबह प्रदर्शन कड़वे बसारिया मोड़ पर जारी रहा. पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं.