UGC NET 2026: UGC NET जून 2026 परीक्षा से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीनों विषयों के अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय पर फिर से परीक्षा देनी होगी।
प्रश्नपत्र में मिलीं कई खामियां, जांच के बाद लिया गया फैसला
दरअसल, UGC NET जून 2026 परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र में कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायत की थी। इन शिकायतों की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित की गई थी। समिति की समीक्षा में प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक गलतियां, टाइपिंग की त्रुटियां और अनुवाद से जुड़ी खामियां सामने आईं।
जांच के दौरान कुछ प्रसिद्ध विद्वानों के नाम गलत लिखे जाने के साथ-साथ कई पुस्तकों के नाम में भी त्रुटियां पाई गईं। इसके अलावा प्रश्नों की भाषा और उन्हें प्रस्तुत करने के तरीके में भी कमियां सामने आईं। इन खामियों को देखते हुए NTA ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
सितंबर में इन तारीखों पर होगी दोबारा परीक्षा
NTA के अनुसार इंग्लिश विषय की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसी दिन कॉमर्स विषय की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। वहीं, सोशियोलॉजी विषय की परीक्षा 10 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। तीनों विषयों के अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित परीक्षा सत्र के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा।
परीक्षा केंद्रों की जानकारी बाद में होगी जारी
NTA ने फिलहाल री-एग्जाम की तारीख और समय की जानकारी जारी की है। परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और परीक्षा से जुड़ा कोई भी नया अपडेट मिलने पर उसे ध्यान से जांचें। री-एग्जाम के जरिए प्रश्नपत्र से जुड़ी खामियों को दूर करते हुए सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष तरीके से परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने की कोशिश की जा रही है।