Ramgarh News: रामगढ़ के रजरप्पा इलाके में सोमवार सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों के बीच दहशत पैदा कर दी। बड़की पुना गांव में करीब एक दर्जन हाथी घुस आए। इस दौरान दो महिलाएं हाथियों की चपेट में आ गईं। एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
गांव में घुसा हाथियों का झुंड
बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड सुबह अचानक गांव में पहुंच गया। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।हाथियों से बचने के लिए कई ग्रामीण अपने घरों की छतों पर चढ़ गए। इसी दौरान दो महिलाएं हाथियों के सामने आ गईं और दोनों को हाथियों ने कुचल दिया।
एक महिला की मौत, दूसरी घायल
हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि टीम जल्द मौके पर पहुंचकर हाथियों को गांव से बाहर निकालने की कार्रवाई करेगी। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। हाथियों के गांव में आने से लोगों की जान और संपत्ति पर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने और प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।