Jamshedpur: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की मौत का मामला अब तूल पकड़ रहा है. कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला था. घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर रैली निकाली. प्रदर्शन में महिला और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए.
"सोमवारी को न्याय दो" के लगे नारे
ग्रामीण हाथों में सोमवारी की तस्वीर लेकर गांव में घूमे. इस दौरान "सोमवारी को न्याय दो" के नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि सोमवारी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है.
शव के पास पत्र मिलने का दावा
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शव के पास से एक पत्र मिला था. इसमें सोनू नाम के एक युवक का जिक्र होने की बात कही जा रही है. ग्रामीणों ने पुलिस से युवक की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है. हालांकि, पत्र और उसमें लिखी बातों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
मोबाइल की जांच कराने की मांग
ग्रामीणों ने सोमवारी के मोबाइल फोन की भी गहन जांच की मांग की है. उनका कहना है कि कॉल डिटेल और मोबाइल की दूसरी गतिविधियों से घटना से जुड़ी अहम जानकारी मिल सकती है. ग्रामीण यह भी पता लगाने की मांग कर रहे हैं कि घटना वाली रात सोमवारी से किसने संपर्क किया था और क्या उसे किसी ने घर से बाहर बुलाया था.
जांच और कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. ग्रामीणों ने यह भी कहा कि जल्द न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, स्थानीय युवक सुजीत पुराण, सोमवारी की मां अनीता पुराण, पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार और हल्दीपोखर की मुखिया देवी कुमारी भूमिज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.