Giridih News: गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की ओर से जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में उन्हें जगह मिली है. इस उपलब्धि से गिरिडीह पुलिस और जिले के लोगों में खुशी का माहौल है. डॉ. बिमल कुमार की कार्यशैली और पुलिसिंग को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है.
1,100 से अधिक अधिकारियों का हुआ मूल्यांकन
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के सर्वे में देशभर के 1,100 से ज्यादा जिला पुलिस प्रमुखों का आकलन किया गया. अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, जनमित्र पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता, पारदर्शिता, त्वरित फैसले और जनसंपर्क जैसे कई मानकों के आधार पर यह सूची तैयार की गई.
अपराध नियंत्रण में मिली सफलता
डॉ. बिमल कुमार के कार्यकाल में गिरिडीह पुलिस ने कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए. वर्ष 2025 में पुलिस ने 3,934 मामलों का निष्पादन किया और 1,025 आरोपितों को गिरफ्तार किया. अवैध कोयला, बालू, पत्थर और माइका कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. साइबर अपराध, हथियार और मादक पदार्थों के मामलों में भी पुलिस को सफलता मिली.
रात्रि गश्ती और नक्सल विरोधी अभियान रहे चर्चा में
डॉ. बिमल कुमार की रात्रि गश्ती भी काफी चर्चा में रही. वे खुद रात में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे. नक्सल प्रभावित इलाकों में भी लगातार अभियान चलाए गए. इस दौरान कई नक्सलियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी की गई.
झारखंड के अन्य अधिकारी भी सूची में शामिल
इस सूची में झारखंड से पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, स्पेशल ब्रांच एसपी हृदिप पी. जनार्दन और सिमडेगा एसपी श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे को भी जगह मिली है. अब इन 100 अधिकारियों में से देश के टॉप-25 पुलिस कप्तानों का चयन किया जाएगा.