Current News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा बलों ने ISI समर्थित आतंकी गुट शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया है। उनके मुताबिक, देश के 14 राज्यों में एक साथ चलाए गए ऑपरेशन में नेटवर्क से जुड़े 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अमित शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भारतीय सुरक्षा बलों ने अलग-अलग राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण बताया।
कई राज्यों में एक साथ चला ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, कर्नाटक, गुजरात, बिहार, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल समेत 14 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। गृह मंत्री के अनुसार, अभियान के दौरान ISI से कथित तौर पर फंडिंग पाने वाले इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के साथ बड़ी मात्रा में संदिग्ध आतंकी सामग्री भी बरामद की गई।
IED और हथियार समेत कई सामान बरामद
कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे भी सुरक्षा एजेंसियों को मिले हैं।
अमित शाह के अनुसार, यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था और स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़े हमलों की साजिश रच रहा था। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से इन मंसूबों को नाकाम करने का दावा किया गया है।
यूपी में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां
बताई गई जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51 और पंजाब से 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा राजस्थान से 15, महाराष्ट्र से 8 और उत्तराखंड से 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि संयुक्त कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियां अब गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।