ICC ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट की संभावित तारीखें सामने आई हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड कप की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से हो सकती है. वहीं फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को खेले जाने की संभावना है. हालांकि, इन तारीखों पर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है.
2 अक्टूबर से शुरू हो सकता है वर्ल्ड कप
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी 2027 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2 अक्टूबर से करने पर विचार कर रहा है. 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती होती है. दक्षिण अफ्रीका का भी महात्मा गांधी से ऐतिहासिक संबंध रहा है. ऐसे में इस तारीख से टूर्नामेंट की शुरुआत का फैसला खास माना जा सकता है.
21 नवंबर को हो सकता है फाइनल
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड कप का फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेला जा सकता है. हालांकि, आईसीसी की ओर से अभी तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. बता दें कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था. ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था.
10 टीमें कर चुकी हैं क्वालीफाई
2027 वर्ल्ड कप के लिए अब तक 10 टीमों की जगह पक्की हो चुकी है. मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे प्रवेश मिला है. इसके अलावा भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश भी क्वालीफाई कर चुके हैं.
वेस्टइंडीज और आयरलैंड खेलेंगे क्वालीफायर
दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर खेलना होगा. आयरलैंड भी क्वालीफायर के जरिए वर्ल्ड कप में पहुंचने की कोशिश करेगा. 2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा. तीनों देशों में टूर्नामेंट की तैयारियां चल रही हैं.