Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित रामाधीन बागान के पास सोमवार दोपहर एक युवक से चापड़ गर्दन में सटा कर 13 हजार रुपये लूट लिए. घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए.
ड्यूटी से लौट रहे थे हरमीत सिंह
पीड़ित हरमीत सिंह ने बताया कि वह न्यूवोको सीमेंट प्लांट में काम करते हैं. सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे ड्यूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे.
आरोपियों ने पहले पेट्रोल के लिए 20 रुपये मांगे. जब हरमीत रुके, तभी एक युवक ने चापड़ निकालकर उनके गले पर लगा दिया. इसके बाद उनकी जेब से 13 हजार रुपये छीन लिए.
चेन भी छीनने की कोशिश
हरमीत ने बताया कि दूसरा युवक उनकी चांदी की चेन भी छीनना चाहता था. उन्होंने दोनों आरोपियों का विरोध किया और पकड़ने की कोशिश की. इसी बीच आसपास के लोग पहुंच गए, जिसके बाद तीनों आरोपी भाग निकले.
पुलिस से की कार्रवाई की मांग
पीड़ित का कहना है कि वह शिकायत लेकर गोलमुरी थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें टेल्को थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया. उन्होंने आरोपियों की पहचान बताते हुए कहा कि एक युवक ने कैप पहन रखी थी, जबकि दो युवक सफेद टी-शर्ट और काली पैंट में थे. वहीं उनकी गाड़ी पर कोई भी नंबर प्लेट नहं था. हरमीत सिंह ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.