JSSC-JPSC: JSSC और JPSC परीक्षाओं में सफल हुए अभ्यर्थियों ने भी अब अपनी आवाज उठानी शुरू कर दी है. कई सफल अभ्यर्थी अपनी मांग को लेकर प्रोजेक्ट भवन पहुंच रहे हैं. सफल अभ्यर्थी राज्य सरकार से मुलाकात कर परीक्षा रद्द नहीं करने की मांग रखेंगे. उनका कहना है कि उन्होंने पूरी प्रक्रिया के बाद परीक्षा पास की है और अब नियुक्ति की उम्मीद कर रहे हैं. सफल अभ्यर्थियों को डर है कि आंदोलन कर रहे छात्रों के दबाव में सरकार परीक्षा रद्द करने का फैसला ले सकती है. उनका कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा. इससे उनका भविष्य और करियर प्रभावित हो सकता है.
सफल अभ्यर्थियों का कहना है कि वे सरकार से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखेंगे. वे चाहते हैं कि परीक्षा परिणाम और नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए. इनमें से कई अभ्यर्थी राज्य सरकार के अलग-अलग कार्यालयों में काम भी कर रहे हैं. उनका कहना है कि परीक्षा रद्द करने का कोई फैसला लेने से पहले सफल अभ्यर्थियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. सफल अभ्यर्थियों ने कहा है कि अगर सरकार किसी दबाव में परीक्षा रद्द करने का फैसला लेती है, तो वे कानूनी रास्ता अपनाएंगे. उनका कहना है कि अपने अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे.