Ranchi News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) में विभिन्न शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए आयोजित Tier-II परीक्षा के परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी करने शुरू कर दिए हैं। पहले चरण में चार पदों के परिणाम घोषित किए गए हैं।
जारी परिणामों में PGT कंप्यूटर साइंस, TGT कंप्यूटर साइंस, फाइनेंस ऑफिसर और स्टेनोग्राफर ग्रेड-I शामिल हैं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपने आवेदन पोर्टल पर लॉग इन कर रिजल्ट स्टेटस देख सकते हैं।
इन पदों के लिए जारी होंगे अगले चरण के कॉल लेटर
PGT कंप्यूटर साइंस, TGT कंप्यूटर साइंस और फाइनेंस ऑफिसर पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होना होगा। इंटरव्यू का शेड्यूल तय होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन पोर्टल पर कॉल लेटर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-I पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को स्किल टेस्ट में शामिल होना होगा। स्किल टेस्ट की तारीख तय होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के लिए कॉल लेटर जारी किए जाएंगे।
KVS और NVS की वरीयता दर्ज करना जरूरी, अन्य पदों के रिजल्ट भी जल्द
जिन अभ्यर्थियों पर KVS और NVS के बीच संगठन या क्षेत्र की वरीयता लागू होती है, उन्हें आवेदन पोर्टल के माध्यम से अपनी प्राथमिकता दर्ज करनी होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
CBSE के अनुसार, अन्य पदों के Tier-II परिणाम भी अंतिम चरण में हैं और उन्हें आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे CBSE, KVS और NVS की आधिकारिक वेबसाइट और अपने आवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।
EMRS का रिजल्ट अलग वेबसाइट पर होगा जारी
एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (EMRS) की Tier-II भर्ती परीक्षा के परिणाम KVS और NVS से अलग जारी किए जाएंगे। EMRS भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आधिकारिक EMRS/NESTS वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।