Jamshedpur News: गोलमुरी के आकाशदीप प्लाजा के सामने मंगलवार को एक बार फिर सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. हादसे के बाद एक बार फिर इस जगह की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
एक ही जगह पांचवीं घटना
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आकाशदीप प्लाजा के सामने डिवाइडर से वाहनों के टकराने की यह पांचवीं घटना है. बार-बार हादसे होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
रात में डिवाइडर दिखना मुश्किल
लोगों का कहना है कि रात के समय यहां रोशनी पर्याप्त नहीं रहती है. ऐसे में वाहन चालकों को डिवाइडर साफ नजर नहीं आता. डिवाइडर पर पर्याप्त रेडियम, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगे हैं. इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है.
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही जगह बार-बार हादसे होना चिंता की बात है. ऐसे में सिर्फ वाहन चालकों की गलती मानने के बजाय सड़क की स्थिति और डिवाइडर की दृश्यता की भी जांच होनी चाहिए. लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है. इसके साथ ही पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और डिवाइडर पर रेडियम व रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके.