Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। खरकाई और स्वर्णरेखा नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में पानी घुस गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और माइकिंग के जरिए लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। सरायकेला शहर में खरकाई नदी का पानी रिवर व्यू पार्क, मजन घाट शिव मंदिर पार्क और शिव मंदिर परिसर तक पहुंच गया है। पंजाब नेशनल बैंक के स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के मुख्य गेट तक भी पानी पहुंच चुका है। रिवर व्यू पार्क में पानी भरने से वहां लगी लोहे की ग्रिल, विभिन्न संरचनाओं, पौधों और हरियाली को नुकसान पहुंचा है।
चार से पांच फीट पानी में डूबी सड़क
सरायकेला के वार्ड संख्या-9 में जमकेश्वरी मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर करीब चार से पांच फीट पानी बह रहा है। पानी अधिक होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। राजनगर मार्ग पर तितिरविला पुराना पुल और उसकी एप्रोच रोड भी पानी की चपेट में आ गई है। वहीं, संजय नदी के बढ़े जलस्तर के कारण खापरसाई पुल भी डूब गया है।
आदित्यपुर के कई निचले इलाकों में जलजमाव
लगातार बारिश का असर आदित्यपुर के निचले इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। राम मढ़ैया बस्ती, कुलुप्तांगा, भाटिया और बाबा कुटी के निचले हिस्सों में पानी भर गया है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संभावित प्रभावित लोगों के लिए सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शरणस्थली के रूप में तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
तटीय इलाकों पर प्रशासन की नजर
पुलिस और प्रशासनिक टीमें नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने की अपील की जा रही है। प्रशासन की ओर से माइकिंग के जरिए भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि बढ़ते जलस्तर के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।