Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड कांग्रेस के नेताओं, मंत्रियों और विधायकों ने मुलाकात की. यह मुलाकात कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई. इस दौरान नेताओं ने 17 अगस्त को हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में लिए गए फैसलों को लेकर मुख्यमंत्री का आभार जताया.
छात्र हित में लिए फैसलों का स्वागत
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत कई मंत्री और विधायक बैठक में शामिल हुए. नेताओं ने कहा कि सरकार ने छात्रों और अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उन्होंने सरकार की इस पहल को संवेदनशील और जरूरी बताया.
TDPL परीक्षा रद्द करने के फैसले से राहत की उम्मीद
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि TDPL की ओर से आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला प्रभावित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के लिए राहत देने वाला है. उनके मुताबिक, इस फैसले से छात्रों के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता कम होगी. नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार युवाओं और विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है.
युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार गंभीर:-सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ फैसले लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी.
विकास और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा छात्र कल्याण से जुड़े विषयों पर भी नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की. इस दौरान मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की शामिल रहीं. इसके अलावा विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी समेत अन्य नेता मौजूद रहे.