Adityapur: पिछले कुछ घंटों से बारिश थमने के बाद खरकई नदी का जलस्तर अब लगातार नीचे जा रहा है. जलस्तर में गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन बाढ़ का असर निचली बस्तियों में अभी भी दिखाई दे रहा है. राम बढ़िया बस्ती और भाटिया बस्ती में बाढ़ का पानी घरों में घुसने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है. घरों में रखा लाखों रुपये का सामान पानी में भीगकर खराब हो गया. पानी कम होने के बाद सुबह से प्रभावित परिवार अपने घरों की सफाई में जुटे हैं. लोग घरों से भीगे कपड़े, सामान और अन्य जरूरी चीजें बाहर निकालकर उन्हें सुखाने और व्यवस्थित करने में लगे हुए हैं.
गैस गोदाम के पास भी जलजमाव
आदित्यपुर-2 क्षेत्र में गैस गोदाम के पास गड्ढेनुमा स्थान में अब भी काफी पानी जमा है. जलजमाव के कारण आसपास के कई घर भी प्रभावित हुए हैं. पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को आशंका है कि जल निकासी की व्यवस्था जल्द नहीं हुई तो परेशानी बनी रह सकती है.
जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होती तो बाढ़ से होने वाला नुकसान काफी कम किया जा सकता था. फिलहाल खरकाई नदी का जलस्तर घटने से स्थिति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं.