Coal Scam Investigation: धनबाद के कोयला कारोबार से जुड़े कथित घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने रंजीत कुमार सिंह और विश्वविजय सिंह तय तारीख पर पेश नहीं हुए. दोनों ने पूछताछ के लिए एक-एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है.
ED ने रंजीत कुमार सिंह को 18 अगस्त और विश्वविजय सिंह को 19 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था. हालांकि, दोनों ने समन की तारीख पर पहुंचने के बजाय एजेंसी से समय बढ़ाने का अनुरोध किया.
जानकारी के अनुसार, समय मांगने के लिए दोनों ने अलग-अलग वजह बताई है. एक ने अपनी मां की बीमारी का हवाला दिया, जबकि दूसरे ने अपने भाई की तबीयत खराब होने की बात कही. इस मामले में एक और तथ्य सामने आया है. ED की छापेमारी के दौरान रंजीत कुमार सिंह से उनकी मां के बारे में पूछताछ की गई थी. बताया जाता है कि उस समय रंजीत ने कहा था कि करीब 10 साल से उनकी अपनी मां से मुलाकात या बातचीत नहीं हुई है.
इसी तरह विश्वविजय सिंह से उनके भाई के बारे में सवाल किया गया था. बताया गया था कि उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनके भाई के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं और लंबे समय से बातचीत भी नहीं हुई है. विश्वविजय ने यह भी कहा था कि उन्हें जानकारी नहीं है कि उनका भाई क्या काम करता है और उसके कितने बच्चे हैं.
अब ED दोनों की ओर से समय बढ़ाने के लिए दिए गए कारणों और उनके अनुरोध पर फैसला लेगी. इसके बाद एजेंसी पूछताछ के लिए दोनों को नई तारीख दे सकती है. यह पूरा मामला धनबाद के कोयला कारोबार और उससे जुड़े कथित घोटाले की ED जांच से जुड़ा हुआ है.