Current News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत 25 अगस्त से अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर जाएंगे। जानकारी के अनुसार, इस दौरान वह प्रवासी भारतीय समुदाय से जुड़े संगठनों और संस्थाओं के कार्यक्रमों में शामिल होंगे और भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे।
मोहन भागवत के विदेश दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने दावा किया है कि कुछ IIT निदेशकों को विदेशों में रहने वाले अपने पूर्व छात्रों से संपर्क करने के लिए कहा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पूर्व छात्रों से अमेरिका में मोहन भागवत से मुलाकात करने का आग्रह किया जा रहा है।
जयराम रमेश ने जताई आपत्ति, RSS ने बताई दौरे की वजह
जयराम रमेश ने कहा कि IIT के जाने-माने पूर्व छात्रों से संपर्क कर उन्हें भागवत से मुलाकात के लिए तैयार करने की बात सामने आई है। उन्होंने इसे अस्वीकार्य बताया।
उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्रियों या सांसदों से मुलाकात के लिए कहना अलग बात है, लेकिन RSS प्रमुख से मुलाकात के लिए उनसे संपर्क करने को कहना उचित नहीं है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, मोहन भागवत का यह दौरा विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय से जुड़े स्थानीय संगठनों और संस्थाओं के निमंत्रण पर आयोजित किया जा रहा है। RSS के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि मोहन भागवत 25 अगस्त से तीनों देशों की यात्रा पर रवाना होंगे। उनके अनुसार, विदेशों में भारतीय समुदाय से जुड़े विभिन्न संगठनों और संस्थाओं ने उन्हें आमंत्रित किया है।