Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-19

Giridih News: गिरिडीह के बगोदर में मिथिलेश यादव हत्याकांड का खुलासा, होटल मालिक और स्टाफ गिरफ्तार, टांगी व सब्बल बरामद

Giridih News: गिरिडीह के बगोदर में राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें होटल मालिक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर शामिल हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी और सब्बल के अलावा बाइक व मोबाइल भी बरामद किया है.


14 अगस्त को मिली थी सूचना

पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिली थी. मामले की जांच के लिए एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई. टीम ने घटनास्थल की जांच की और तकनीकी जानकारी जुटाई. इसके बाद संदिग्धों से पूछताछ की गई.

होटल में हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 13-14 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे मिथिलेश यादव घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचे थे. पुलिस का कहना है कि मिथिलेश ने वहां बीयर पी और दूसरी बीयर मांगी. पैसे का भुगतान नहीं होने पर होटल मालिक और स्टाफ ने दूसरी बीयर देने से मना कर दिया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी हुई.

रास्ते में हमला करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद होटल मालिक महेश रजक और स्टाफ सीमा ठाकुर ने मिथिलेश का पीछा किया. सर्विस रोड पर कपसा मंदिर के पास मिथिलेश नशे की हालत में गिर गए. पुलिस का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने टांगी और सब्बल से उन पर हमला किया. हमले में मिथिलेश की मौत हो गई.

हादसा दिखाने की कोशिश का दावा

पुलिस के अनुसार, घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने के लिए मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बताए जा रहे हथियार बरामद किए. इसके अलावा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी मिला है.

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने महेश रजक और सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया है. महेश रजक की उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है. वह घाघरा, बगोदर के रहने वाले और होटल मालिक हैं. वहीं, करीब 58 वर्षीय सीमा ठाकुर गोपालडीह, बगोदर की निवासी हैं और होटल में स्टाफ के रूप में काम करती थीं.


मामले की जांच जारी

इस मामले में बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने एसआईटी के जरिए मामले की जांच की है. पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !