JPSC JSSC Investigation: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य सरकार ने रद्द की गई परीक्षाओं की सूची जारी कर दी है. सरकार की ओर से देर रात जारी आठ अलग-अलग अधिसूचनाओं में बताया गया है कि अनियमितताओं के कारण 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द की गई हैं.
इन परीक्षाओं में वर्ष 2014 के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC और आउटसोर्स एजेंसी TSR Data Processing Private Limited यानी TDPL से जुड़ी परीक्षाएं भी शामिल हैं. इसी मामले में JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच भी शुरू कर दी गई है.
ADG मनोज कौशिक के नेतृत्व में जांच
झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की अधिसूचना के अनुसार, मामले की जांच ADG CID मनोज कौशिक के नेतृत्व वाली टीम कर रही है. जांच टीम को दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है.
जांच के लिए बड़ी पुलिस टीम बनाई गई है. इसमें 7 IPS अधिकारी, 12 DSP और करीब 50 पुलिस अधिकारी शामिल हैं. सरकार की ओर से एक साथ 45 परीक्षाओं की जांच किए जाने की जानकारी दी गई है.
किन परीक्षाओं को रद्द किया गया
- रद्द की गई परीक्षाओं में विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती की विज्ञापन संख्या 9/2025 शामिल है.
- सहायक निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी की बैकलॉग और नियमित भर्ती यानी विज्ञापन संख्या 10/2025 और 11/2025 को भी रद्द किया गया है.
- ड्रग इंस्पेक्टर की भर्ती परीक्षा, विज्ञापन संख्या 12/2025 भी रद्द की गई है.
- सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर की बैकलॉग भर्ती, विज्ञापन संख्या 2/2026 को भी रद्द किया गया है.
- सरकारी पॉलिटेक्निक और महिला पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लेक्चरर की बैकलॉग और नियमित भर्ती, विज्ञापन संख्या 3/2026 और 04/2026 भी रद्द की गई है.
- मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिस्ट सहायक प्रोफेसर की भर्ती, विज्ञापन संख्या 7/2026 को भी रद्द किया गया है.
- सहायक वन संरक्षक और वन रेंज अधिकारी की भर्ती भी रद्द की गई है.
- सिविल जज जूनियर डिवीजन और सिविल जज से जुड़ी भर्तियों को भी सूची में रखा गया है.
- सहायक लोक अभियोजक की बैकलॉग और नियमित भर्ती को रद्द किया गया है.
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 की नियमित और बैकलॉग भर्ती भी रद्द कर दी गई है.
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023 की बैकलॉग भर्ती भी रद्द की गई है.
- फूड सेफ्टी ऑफिसर और चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर की भर्ती भी रद्द की गई है.
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023 को भी रद्द की गई परीक्षाओं में शामिल किया गया है.
- 6वीं लिमिटेड डिप्टी कलेक्टर भर्ती, विज्ञापन संख्या 11/2018 को भी रद्द किया गया है.
- झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट 2024, विज्ञापन संख्या 08/2025 को भी रद्द किया गया है.
- डिप्टी डायरेक्टर प्रॉसीक्यूशन, फूड एनालिस्ट और फैक्ट्री इंस्पेक्टर की भर्ती भी रद्द की गई है.
- इसके अलावा प्रोजेक्ट मैनेजर, बॉयलर इंस्पेक्टर और डायरेक्टर की भर्ती भी रद्द की गई है.
- 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती 2013 को भी रद्द किया गया है.
- मृदा संरक्षण अधिकारी, कृषि अधिकारी, डेंटिस्ट, सहायक अभियंता और भूविज्ञानी-रसायनज्ञ की भर्ती भी रद्द की गई है.
JPSC-JSSC में सुधार के लिए अलग समिति
भर्ती परीक्षाओं की जांच के साथ ही सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए अलग समिति भी बनाई है. इस समिति की अध्यक्षता IAS अधिकारी अमिताभ कौशल करेंगे. समिति JPSC और JSSC की कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर सुझाव तैयार करेगी. उसे भी दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार को सौंपनी है.
इस पूरी कार्रवाई के बीच छात्रों का आंदोलन भी अहम रहा है. छात्रों की ओर से भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच और नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग की जा रही थी. सरकार के फैसले के बाद अब रद्द परीक्षाओं की जांच और JPSC-JSSC में सुधार के लिए गठित समितियों की रिपोर्ट पर नजर रहेगी.