Ranchi News: नगर निगम कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों और उनके आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 20 अगस्त को प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। प्रदर्शन नगरीय प्रशासन निदेशालय के समक्ष किया जाएगा। संघ ने निदेशक, नगरीय प्रशासन निदेशालय को पत्र भेजकर मांगों पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।
आश्रितों की अनुकंपा नियुक्ति का मामला लंबित
संघ ने कहा है कि मैट्रिक और नन-मैट्रिक मृत निगम कर्मचारियों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पद सृजित नहीं होने के कारण लंबित है। रांची नगर निगम में इंटर पास 37 आश्रितों में से 16 की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है, जबकि 21 आश्रितों की नियुक्ति पद स्वीकृत नहीं होने के कारण अटकी हुई है। संघ का कहना है कि निगम के कुछ कर्मचारियों के अन्य निकायों में स्थानांतरण के बाद रिक्त होने वाले पदों पर आश्रितों की नियुक्ति का रास्ता निकाला जा सकता है।
पेंशन में 20 प्रतिशत कटौती का विरोध
नगर निगम कर्मचारी संघ ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में 20 प्रतिशत कटौती का भी विरोध किया है। संघ के अनुसार, पूर्व में हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य कर्मचारियों के समान पेंशन का भुगतान किया जा रहा था। लेकिन नगर विकास एवं आवास विभाग के 25 अप्रैल के आदेश के बाद पेंशन में 20 प्रतिशत कटौती की गई है। संघ ने सरकार से इस मामले में उचित निर्णय लेते हुए पेंशन कटौती को वापस लेने की मांग की है।
पारिवारिक पेंशन और सेवापुस्त का मामला भी उठाया
संघ ने मृत निगम कर्मचारियों की विधवा और आश्रितों को पारिवारिक पेंशन का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। संघ का कहना है कि निगम की ओर से पारिवारिक पेंशन का भुगतान केवल पांच वर्षों तक किए जाने की बात कही जा रही है, जो न्यायसंगत नहीं है।
संघ ने सरकार की अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का हवाला देते हुए इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इसके अलावा सोनिया कच्छप और रजनी तिर्की की सेवापुस्त उपलब्ध नहीं होने के कारण लंबित अनुकंपा नियुक्ति का मामला भी उठाया गया है। संघ ने संबंधित विभाग से दोनों मामलों का जल्द समाधान कराने की मांग की है।