Jamshedpur News: जमशेदपुर के डिमना स्थित MGM मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाने वाले संगठित चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह अस्पताल में मरीज या अटेंडेंट बनकर प्रवेश करता था और चोरी के बाद कपड़े बदलकर आसानी से निकल जाता था. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है.
पूरे मामले का खुलासा मंगलवार रात हुआ. अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एक युवक को फर्श पर सो रहे मरीज के परिजन की जेब काटने की कोशिश करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. इसके बाद उसे MGM थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
गिरफ्तार युवक सिदगोड़ा का रहने वाला है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चांडिल से दो और बागुनहातु से दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया. इस तरह गिरोह के कुल पांच सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक नीले रंग की स्कूटी, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य कीमती सामान बरामद किया है. बरामद सामान का मिलान पहले दर्ज चोरी के मामलों से किया जा रहा है.
जांच में सामने आया कि गिरोह अस्पताल के अलग-अलग वार्ड और मंजिलों पर घूमकर पहले रेकी करता था. मरीजों के सोने या परिजनों के झपकी लेने का इंतजार किया जाता था. वारदात के बाद आरोपी अस्पताल के शौचालय या दूसरे हिस्से में जाकर कपड़े बदल लेते थे, जिससे CCTV में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था.
पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर भी सावन ने दूसरी मंजिल पर एक मरीज के परिजन की जेब से 150 रुपये चुरा लिए थे. रात करीब 10 बजे वह पांचवीं मंजिल पर फिर जेब काटने पहुंचा, लेकिन इस बार सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से पकड़ा गया.
तलाशी के दौरान उसके पास से 150 रुपये, ब्लेड, चिलम और गांजा बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ब्लेड से जेब काटकर पर्स और नकदी निकालता था. जिस व्यक्ति को उसने निशाना बनाया था, उसका मोबाइल बेड पर रखा होने के कारण वह केवल नकदी ही ले सका.
पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक अटेंडेंट ने पहले उससे पूछा था, "तुम्हारा मरीज कहां भर्ती है?" आरोपी कोई जवाब नहीं दे पाया और उससे कहासुनी भी हो गई थी. इसी संदेह के कारण उस पर नजर रखी जा रही थी.
बुधवार को MGM थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर CCTV फुटेज जब्त किए और पुराने चोरी के मामलों की फाइलें खंगालीं. शिकायतकर्ताओं और पीड़ितों के बयान भी दर्ज किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि पिछले एक महीने में अस्पताल में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में इसी गिरोह की भूमिका रही है.
इसी दिन अस्पताल में चोरी की तीन और शिकायतें भी सामने आईं. एक परिजन की जेब से 2,100 रुपये, दूसरे की जेब से 1,500 रुपये और पहली मंजिल पर भर्ती मरीज के तकिए के नीचे रखा करीब 35 हजार रुपये का मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है.
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है. पूछताछ में अस्पताल के अलावा शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी और महिलाओं से छिनतई की घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता की जानकारी मिली है. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर गिरोह के अन्य सदस्यों का भी खुलासा हो सकता है.