JSSC CGL Exam Cancelled: झारखंड में JSSC CGL परीक्षा को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए दौर में पहुंच गया है. सरकार ने विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत हुई CGL परीक्षा को रद्द करने का आधिकारिक फैसला लिया है. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि SIT और CID की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों तथा परीक्षा में अनियमितता से जुड़ी शिकायतों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा रद्द की गई है.
फैसला आते ही सोशल मीडिया पर बदला माहौल
परीक्षा रद्द होने की जानकारी सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के बीच चर्चा तेज हो गई. WhatsApp, Telegram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार पोस्ट और संदेश शेयर किए जाने लगे. इन संदेशों में उन अभ्यर्थियों को निशाने पर लिया जा रहा है, जिन पर कथित तौर पर पैसे या गलत तरीके से परीक्षा में सफलता हासिल करने के आरोप लगते रहे हैं. एक वायरल पोस्ट में ऐसे लोगों से सोशल मीडिया प्रोफाइल और गाड़ियों से पदनाम हटाने की बात कही गई है. पोस्ट में ASO, BSO, DSP, SDM, BDO और CO जैसे पदों का जिक्र करते हुए तंज किया गया है.
"ऑफिसर लाइफ" की रील्स पर भी निशाना
CGL रिजल्ट के बाद कुछ सफल अभ्यर्थियों ने अपने सोशल मीडिया बायो में मिलने वाले पदों का नाम जोड़ लिया था. इनमें ASO और BSO जैसे पद शामिल थे. कुछ अभ्यर्थियों की ओर से गाड़ियों पर भी पदनाम लिखवाने और अधिकारी जीवन से जुड़ी रील्स पोस्ट करने की बात सामने आई थी. अब परीक्षा रद्द होने के बाद सोशल मीडिया पर इन्हीं पोस्ट और रील्स को लेकर तंज कसे जा रहे हैं. वायरल संदेशों में कहा जा रहा है कि दोबारा पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए.
मेहनती अभ्यर्थियों ने उठाए थे सवाल
विवाद के दौरान कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे. उनका आरोप था कि कथित गड़बड़ी का फायदा कुछ लोगों को मिला, जबकि ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्र पीछे रह गए. इसी नाराजगी का असर अब सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं में भी दिखाई दे रहा है. परीक्षा रद्द होने के बाद कथित रूप से गलत तरीके से चयनित अभ्यर्थियों को लेकर सवाल और टिप्पणियां बढ़ गई हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे व्यक्तिगत आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. परीक्षा में हुई अनियमितताओं और इसमें शामिल लोगों को लेकर अंतिम तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.