Jharkhand: झारखंड में वर्ष 2014 के बाद हुई सरकारी नियुक्तियों की जांच को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से नियुक्तियों में संभावित गड़बड़ी की जांच की घोषणा के बाद कार्मिक विभाग ने जांच को लेकर आदेश जारी किया है. हालांकि, जारी सूची में खान विभाग की कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों का नाम नहीं है. इसे लेकर जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.
खान विभाग में 46 पदों पर हुई नियुक्तियां
खान विभाग में खान निरीक्षक, सहायक खनन पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी के कुल 46 पदों पर नियुक्तियां हुई हैं. इनमें खान निरीक्षक के 34, सहायक खनन पदाधिकारी के 7 और जिला खनन पदाधिकारी के 5 पद शामिल हैं. खान निरीक्षक के 34 पदों पर विज्ञापन संख्या 4/23 के तहत नियुक्ति हुई थी. इनमें दो पद बैकलॉग के थे. वहीं, सहायक खनन पदाधिकारी के 7 पदों के लिए विज्ञापन संख्या 7/2016 और जिला खनन पदाधिकारी के 5 पदों के लिए विज्ञापन संख्या 8/2016 जारी किया गया था.
जांच सूची में नाम नहीं होने पर उठे सवाल
कार्मिक विभाग की ओर से जारी जांच सूची में इन नियुक्तियों को शामिल नहीं किया गया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब वर्ष 2014 के बाद हुई नियुक्तियों की जांच की बात कही गई है, तो खान विभाग की इन नियुक्तियों को जांच के दायरे से बाहर क्यों रखा गया. अब निगाह इस बात पर है कि सरकार आगे इन 46 नियुक्तियों को भी जांच में शामिल करती है या नहीं.