Mandi Kullu Highway Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दवाड़ा टनल में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. टनल के भीतर दो तेज रफ्तार ट्रकों की सीधी भिड़ंत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भीषण टक्कर में 3 लोगों की जान चली गई है, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, उड़ गए ट्रकों के परखच्चे
दुर्घटना गुरुवार सुबह लगभग 6:30 बजे की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दवाड़ा टनल के अंदर दोनों ट्रक काफी रफ्तार में थे और अचानक आमने-सामने टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए. हादसे के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है.
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य, घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की खबर फैलते ही आसपास के स्थानीय निवासी और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे. क्षतिग्रस्त ट्रकों में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल नगवाईं भिजवाया गया. हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा.
जांच में जुटी पुलिस, हताहतों की पहचान जारी
घटना की सूचना पर मंडी पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों के आंकड़ों की पूरी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल राहत दल पीड़ितों की शिनाख्त में जुटे हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालकों की संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है.