Tata Steel Online Gate Pass: टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए गेटपास से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव होने जा रहा है. जमशेदपुर वर्क्स, नॉन-वर्क्स और ट्यूब्स डिवीजन में 1 सितंबर 2026 से गेटपास की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी जाएगी. नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को गेटपास के लिए कागजी आवेदन, गेटपास बुक या बॉक्स का इस्तेमाल नहीं करना होगा. मोबाइल या कंप्यूटर से कहीं से भी आवेदन किया जा सकेगा.
ई-मेल और SMS से मिलेगा अपडेट
ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित अधिकारी को ई-मेल के जरिए जानकारी मिलेगी. कर्मचारी को भी आवेदन की स्थिति, मंजूरी या अस्वीकृति की सूचना SMS और ई-मेल से भेजी जाएगी. स्वीकृत गेटपास को निर्धारित आउट टाइम से पहले रद्द करने की सुविधा भी रहेगी.
15 मिनट पहले करना होगा आवेदन
कर्मचारी को बाहर निकलने के तय समय से कम से कम 15 मिनट पहले गेटपास के लिए आवेदन करना होगा. गेटपास की अवधि 15-15 मिनट के अंतराल में दर्ज की जा सकेगी. एक ही दिन अलग-अलग समय पर बाहर जाने की जरूरत होने पर अलग-अलग गेटपास के लिए आवेदन किया जा सकेगा.
इंट्रानेट से होगा आवेदन
गेटपास के लिए कर्मचारी को कंपनी के इंट्रानेट में General Services → Services & Systems → Employees Self Help → Time & Attendance System में जाकर Gate Pass विकल्प चुनना होगा. इसके बाद तारीख, गेटपास का प्रकार, वापसी योग्य या गैर-वापसी योग्य विकल्प और अवधि दर्ज करनी होगी.
पंच आउट-पंच इन अनिवार्य
गेटपास लेकर बाहर जाते समय पंच आउट और वापस लौटने पर पंच इन करना जरूरी होगा. किसी एक पंच के दर्ज नहीं होने पर संबंधित अवधि का अवकाश में समायोजन किया जाएगा. बिना स्वीकृति के कंपनी से बाहर जाना अनुशासनहीनता माना जाएगा.
करीब 10 हजार कर्मचारियों पर लागू होगी व्यवस्था
टाटा स्टील में करीब 10 हजार कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में काम करते हैं. इनमें कई कर्मचारियों को जरूरी काम के कारण ड्यूटी के दौरान कंपनी परिसर से बाहर जाना पड़ता है. डिजिटल व्यवस्था से गेटपास का आवेदन, मंजूरी और कर्मचारी के प्रवेश-निकास का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होगा. इससे कागजी काम और मानवीय गलतियों को कम करने में मदद मिलेगी.