Ranchi Land Fraud: झारखंड के पूर्व IPS अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन सौदे में करीब 2 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला दर्ज कराया है. उन्होंने हिंदपीढ़ी थाना में पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
FIR में शाहनवाज शेख, आफताब शेख, सफदर शेख, तबस्सुम इसरार और शबनम शेख को आरोपी बनाया गया है. अभिषेक चौधरी का आरोप है कि इन लोगों ने जमीन बेचने का भरोसा देकर उनके पिता से करोड़ों रुपये ले लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई.
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2021 में आरोपियों ने खलारी और चान्हो अंचल के केदल और रामदगा गांव में 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था. उस समय जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय की गई थी. अभिषेक का कहना है कि तय समझौते के बाद उनके पिता अमिताभ चौधरी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 2 करोड़ रुपये का भुगतान किया. जमीन सौदे से संबंधित एकरारनामा भी उन्हें उपलब्ध कराया गया था.
शिकायत में कहा गया है कि 20 जुलाई 2022 को अंतिम किस्त के रूप में 21 लाख रुपये का चेक भी दिया गया. इसके बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होनी थी. लेकिन 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का निधन हो गया. उनके निधन के बाद अभिषेक चौधरी ने जमीन की रजिस्ट्री पूरी कराने या भुगतान की गई राशि लौटाने की मांग की.
आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार मामले को टालते रहे. कुछ समय बाद उन्होंने जमीन की नई कीमत 50 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताई और रजिस्ट्री के लिए करीब एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की मांग कर दी. अभिषेक ने FIR में यह भी कहा है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह बैंक के पास गिरवी रखी गई है.
फिलहाल हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेज, एकरारनामा, बैंक रिकॉर्ड और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है. मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं. पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी.