Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो अंतर्गत उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ (लक्ष्मण नगर) में 19 अगस्त की शाम बदमाशों द्वारा घर में घुसकर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित महिला मामुनी देवी ने उलीडीह थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
आरोपियों ने महिलाओं के साथ की बदसलूकी
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:00 बजे स्थानीय निवासी रितेश सिंह अपने तीन अन्य साथियों के साथ जबरन मामुनी देवी के घर में घुस आया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी नशे में बुरी तरह धुत्त थे। उस समय घर पर केवल तीन महिलाएं मौजूद थीं। आरोपियों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की और हथियार दिखाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और परिवार के सदस्यों को गोली मारने की धमकी दी।
बस्तीवासियों ने एक आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा
महिलाओं द्वारा विरोध जताने और शोर मचाने पर आसपास के बस्तीवासी मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी रितेश सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया और उलीडीह थाना पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, उसका एक साथी पिस्टल लेकर मौके से भागने में सफल रहा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने लाए जाने के बाद भी आरोपी ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।